कसारी-मसारी में 10 बीघा जमीन पर करोड़ों की अवैध प्लाटिंग तोड़ी
प्रयागराज,31 जनवरी (आरएनएस)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने शनिवार को माफिया अतीक अहमद के पुराने गढ़ कसारी-मसारी में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान करीब 10 बीघा जमीन पर की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
ज्ञात हो कि चकिया और कसारी- मसारी का इलाका कभी माफिया अतीक अहमद का सुरक्षित ठिकाना माना जाता था। पीडीए का बुलडोजर पहुंचने पर इलाके में हड़कंप मच गया। जोनल अधिकारी (जोन-02) के नेतृत्व में उपजोन-2बी क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों ने अवैध रूप से बिछाई गई सड़कों, बाउंड्री वॉल और निर्माणाधीन ढांचों को ध्वस्त कर दिया।
पीडीए द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह अवैध प्लाटिंग हृदय लाल, अरमान, कंजू, कादिर, अफजल, मुहम्मद नू और इरफान व उनके सहयोगियों द्वारा की जा रही थी। प्राधिकरण ने बताया कि इन लोगों ने बिना किसी स्वीकृत मानचित्र या ले-आउट के सरकारी नियमों का उल्लंघन कर प्लॉट बेचे थे। प्रशासन अब इन सभी के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। कार्रवाई अचानक और बड़े स्तर पर की गई, जिससे विरोध करने वालों को मौका नहीं मिला।
थाना धूमनगंज की पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया था। मौके पर जोनल अधिकारी के साथ अवर अभियंता, सुपरवाइजर और प्रवर्तन टीम के जवान मौजूद रहे। प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा है कि माफियाओं के प्रभाव वाले क्षेत्रों में अवैध तरीके से जमीनों की खरीद-फरोख्त करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। यह ध्वस्तीकरण अभियान उन लोगों के लिए कड़ा संदेश है जो अब भी पुराने रसूख के दम पर अवैध निर्माण कर रहे हैं।
पीडीए ने जनता को चेतावनी दी है कि कसारी- मसारी या धूमनगंज जैसे संवेदनशील इलाकों में जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से उसकी वैधता की पुष्टि अवश्य करें, अन्यथा उनकी जमा पूंजी पर भी बुलडोजर चल सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

