परिसर के बाहर भीड़, सुरक्षा सख्त
प्रयागराज ,31 जनवरी (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव के अंतिम चरण के तहत प्रयागराज में दूसरे दिन का मतदान शनिवार सुबह शुरू हो गया। बार काउंसिल परिसर के बाहर मतदाताओं, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही अधिवक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं, जहां प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए।
इस बार सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्रयागराज में पहली बार लगभग 33 हजार अधिवक्ताओं को चार दिनों में मतदान का अवसर दिया गया है। यह व्यवस्था मतदाताओं की अधिक संख्या को देखते हुए लागू की गई है। इससे पहले प्रदेश के तीन चरणों में लगभग 2 लाख 16 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। अब अंतिम चरण में शेष 33 हजार वकील चार दिनों में मतदान करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बार काउंसिल परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी सिटी स्वयं मौके पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का डायवर्जन किया गया है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। मतदान स्थल को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।
हाई पावर कमेटी के निर्देश के अनुसार मतदान की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से कराई जा रही है। दूसरे दिन भी अधिवक्ता शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस व्यवस्था से मतदान प्रक्रिया को संतुलित रखने और अव्यवस्था से बचने में मदद मिल रही है।
बार काउंसिल परिसर के बाहर चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म है। समर्थकों की नारेबाजी, प्रत्याशियों की सक्रियता और मतदाताओं की भीड़ से परिसर चुनावी रंग में रंगा हुआ है। अब सभी की नजरें अगले दो दिनों के मतदान पर टिकी हैं, जिसके बाद यूपी बार काउंसिल चुनाव के नतीजे घोषित होंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

