लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। बजरंग सेवा समिति के तत्वावधान में शुक्रवार, 31 जनवरी 2026 को अवध विहार योजना स्थित सरयू एन्क्लेव के सामने रोटरी संख्या-8 के पार्क में एक भव्य हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूजनीय महंत सिद्धेश्वरानन्द गिरी जी महाराज, विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कथा वाचक पंडित राम प्रकाश ओझा एवं मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता व समाजसेवी अश्वनी उपाध्याय द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट अरविन्द त्रिपाठी ने किया।मुख्य वक्ता अश्वनी उपाध्याय ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि अब समय आ गया है जब देश के सभी विद्यालयों में प्रार्थना को बदलकर “नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमेज्” जैसी राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रार्थना को अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में सकारात्मक बदलाव के लिए जनमानस को आगे आना होगा। उन्होंने मुगलों के नाम पर बने गली-मोहल्लों और स्थानों के नाम परिवर्तन के लिए भारतीय नामकरण आयोग की स्थापना की आवश्यकता पर भी जोर दिया।मुख्य अतिथि पूजनीय महंत सिद्धेश्वरानन्द गिरी जी महाराज ने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि यदि समाज को महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीर संतानें चाहिए, तो माताओं को भी उसी प्रकार के संस्कार धारण करने होंगे और देशभक्ति की भावना से स्वयं को ओतप्रोत करना होगा।
कार्यक्रम की सह-संयोजिका मीना सिंह ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए “पंच परिवर्तन” विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात कार्यक्रम संयोजक अनन्त राम मिश्र ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। भारत माता की आरती के बाद मंच संचालक अरविन्द त्रिपाठी ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।कार्यक्रम के दौरान भजन गायिका वंदना मिश्र ने अपने सुमधुर भजनों से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। वहीं डॉ. पूजा के नेतृत्व में भागीरथी एन्क्लेव की बहनों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक गीत “जाग रहा है जन गण मनज् निश्चित होगा परिवर्तन” ने कार्यक्रम में विशेष ऊर्जा का संचार किया।इस अवसर पर लोक भारती के राष्ट्रीय व्यवस्था प्रमुख कमलेश कुमार गुप्ता, जिला प्रचारक दौलत जी, नगर संघ चालक डॉ. देवेश जी, भाग अपार्टमेंट प्रमुख अरविन्द जी, मंतोष जी, सह नगर कार्यवाह करुणा शंकर जी, नगर प्रचार प्रमुख वागीश जी, डॉ. हृदयेश बिहारी, सुरेश दत्त दूबे, सुश्री नीलम इंसान, रमेश जी, सुजीत जी, राजेश जी, मोनू सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सम्मेलन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक जागरण का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

