लखनऊ,31 जनवरी (आरएनएस)। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद लखनऊ में 22 फरवरी 2026 को मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित होगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव जीवक कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का आयोजन माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ मलखान सिंह के कुशल निर्देशन में सुनिश्चित किया गया है। शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोडऩा है, ताकि न्याय और अधिकारों की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके।मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के नोडल अधिकारी रविन्द्र कुमार द्विवेदी, विशेष न्यायाधीश, सीबीआई सेंट्रल, लखनऊ ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। शिविर में विधिक परामर्श, नि:शुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत से संबंधित जानकारी, विवादों के समाधान से जुड़ी सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव जीवक कुमार सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 22 फरवरी 2026 को आयोजित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध विधिक सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय, समानता और विधिक जागरूकता की पहुंच मजबूत होती है, जो एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

