घटना के कारणों का पता लगा रही पुलिस
प्रयागराज ,31 जनवरी (आरएनएस)। कीडगंज थाना क्षेत्र के मधवापुर में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी रही प्रतिमा कौशल (28) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कीडगंज थाना पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलरूप से मिर्जापुर के थाना सिटी के घुरहू पट्टी गांव निवासी श्याम लाल कौशल की बेटी प्रतिमा ने वर्ष 2025 में आईआईटी की परीक्षा पास की थी। वर्तमान में वह कीडगंज के मधवापुर में किराये पर कमरा लेकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बगल के कमरे में रहने वाली उसकी सहेलियों ने उसे फोन लगाया लेकिन फोन उठा नहीं। काफी देर इंतजार के बाद जब कोई फोन नहीं आया तो उसने दरवाजा खटखटाया जो अंदर से बंद था।
दरवाजा न खुलने पर उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। मकान मालिक ने पहुंचकर कीडगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो अंदर प्रतिमा का शव फंदे से लटका मिला। वीडियोग्राफी कराकर शव को फंदे से नीचे उतारा गया। कीडगंज थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

