एनएमसी की स्वीकृति से एएसएमसी सुल्तानपुर में मेडिकल शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण
सुल्तानपुर,31 जनवरी (आरएनएस)। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग द्वारा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सुल्तानपुर को बेसिक कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन कार्यशाला आयोजित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह कार्यशाला महाविद्यालय के 30 शिक्षण संकाय सदस्यों के लिए आयोजित की जाएगी। यह तीन दिवसीय कार्यशाला 9 से 11 फरवरी 2026 तक संपन्न होगी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, सुल्तानपुर का क्षेत्रीय केंद्र आईएमएस, बीएचयू, वाराणसी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम एनएमसी द्वारा नियुक्त समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा। पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एवं पर्यवेक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव के संरक्षण में किया जाएगा। कार्यशाला का समन्वय मेडिकल एजुकेशन यूनिट की समन्वयक डॉ. सुपर्णा दुबे द्वारा किया जाएगा। वहीं, मेडिकल एजुकेशन यूनिट, एएसएमसी सुल्तानपुर के चार अन्य संकाय सदस्य संसाधन व्यक्ति (रिसोर्स पर्सन) के रूप में प्रशिक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस कार्यशाला का उद्देश्य चिकित्सा शिक्षा में शिक्षण गुणवत्ता को सुदृढ़ करना है। इसके माध्यम से संकाय सदस्यों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, प्रभावी मूल्यांकन तकनीकों एवं पाठ्यक्रम के समुचित कार्यान्वयन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे चिकित्सा शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

