जौनपुर,31 जनवरी (आरएनएस)। खुटहन थाना क्षेत्र के नगवां गांव में शनिवार की सुबह घर से खेत की सिंचाई करने गया अधेड किसान का शव संदिग्ध हाल में खेत में पडा मिला। परिजनों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दिया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया। बताते है कि उक्त गांव निवासी 53 वर्षीय दिनेश शर्मा शनिवार की सुबह घर से लगभग एक किमी दूर चौराहे बाबा मंदिर के पास अपनी चक में बोई गई फसल की सिंचाई करने गया था। दोपहर में परिजन उसे भोजन लेकर गये तो आवाज लगाने पर भी वह नहीं बोला। खोजने पर उसका शव खेत के मेड के पास पडा मिला। शोरगुल सुन तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतक की पत्नी श्रीमती देवी ने थाने में तहरीर देकर पति की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

