पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
रामनगर, बाराबंकी ,31 जनवरी (आरएनएस)। जिले की तहसील रामनगर अंतर्गत स्थित सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में आगामी फाल्गुनी मेले को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बाराबंकी पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने रामनगर पुलिस टीम के साथ शनिवार को पूरे मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार विपुल सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान शिव अभरण सरोवर, लोधेश्वर महादेव मुख्य मंदिर, रैन बसेरा, बोहनिया तालाब, महादेवा ऑडिटोरियम सहित पूरे मेला क्षेत्र का बारीकी से जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विशेष रूप से मंदिर परिसर, जलाशयों और रैन बसेरा क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फाल्गुनी मेले की सुरक्षा व्यवस्था की मुख्य जिम्मेदारी रामनगर थाना की होगी। हालांकि जनपद स्तर से भी भारी संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा। मेले में सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल सहित पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से कवर किया जाएगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा सके। महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग से पुलिस बल तैनात रहेगा।इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक गरिमा पंत भी पुलिस अधीक्षक के साथ मौजूद रहीं और उन्होंने भी सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मौके पर महादेवा चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे, ग्राम प्रधान लोधौरा अजय कुमार तिवारी, लेखपाल संतोष कुमार, पुष्पेंद्र सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

