अजीमुद्दीन अशरफ़ इस्लामिया इंटर कॉलेज के अध्यापकों ने दी भावपूर्ण विदाई
बाराबंकी,31 जनवरी (आरएनएस)। शनिवार को अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज में परिचारक पद में नियुक्त मोहम्मद सगीर के सेवानिवृत्त होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मोहम्मद सगीर की नियुक्ति 30 अक्टूबर 1992 को परिचारक पद पर हुई थी, जिन्होंने आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को 34 वर्षों की सराहनीय सेवा पूर्ण कर विद्यालय से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उनके सरल स्वभाव एवं कार्यकुशलता ने शिक्षकों व कर्मचारियों के दिलों में अलग पहचान बनाई। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में ऐसे समर्पित कर्मचारी बहुत कम देखने को मिलते हैं। सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव कैलाश सोनी, जिला अध्यक्ष नीरज पांडे, प्रदेश मंत्री अलीम अहमद, जिला उपाध्यक्ष इसरार अहमद, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षणेत्तर साथियों ने मोहम्मद सगीर को माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

