बाराबंकी ,31 जनवरी (आरएनएस)। फतेहपुर नगर पंचायत के मोहल्ला डडियामऊ निवासी दो युवक शुक्रवार की देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में विशाल (22) पुत्र छत्रपाल और मुकेश (22) पुत्र बृजेश कुमार शामिल हैं। दोनों युवक बाइक से लखनऊ से फतेहपुर लौट रहे थे, तभी इसरौली क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। विशाल की 13 फरवरी को शादी तय है। इसी सिलसिले में वह अपने दोस्त मुकेश के साथ लखनऊ में रिश्तेदारों और परिचितों को शादी का निमंत्रण देने गया था। निमंत्रण देने के बाद दोनों देर रात मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। जब उनकी बाइक इसरौली क्षेत्र में जगदीश कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तत्काल फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर बताई। फिलहाल दोनों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने प्रशासन से फरार कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

