भोपाल,31 जनवरी (आरएनएस)। गौतम नगर इलाके में तीसरी कक्षा में पढऩे वाले 12 वर्षीय छात्र इब्राहिम की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। अब मामले में पिता का बयान सामने आया है, जिसमें अवैध पिस्टल से गोली चलने की बात कही गई है।
मृतक बच्चे के पिता रिजवान लाला के बयान पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं। रिजवान ने बताया कि उसका जीजा वाहीद नूर, निवासी जहांगीराबाद, करीब एक महीने तक बक्श कॉलोनी, जेपी नगर स्थित उनके मकान में रहकर गया था। इसी दौरान उसकी एक अवैध कंट्री मेड पिस्टल घर में रह गई, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।
पिता के मुताबिक शुक्रवार को घर में सफाई चल रही थी। इसी दौरान बच्चे के हाथ पिस्टल लग गई। देर रात करीब 1:50 बजे बच्चा घर की बालकनी में खून से लथपथ अचेत अवस्था में मिला। घटना के समय रिजवान लाला दोस्तों के साथ परवलिया सड़क स्थित एक ढाबे पर थे। तभी पत्नी का फोन आया, जिसमें बच्चे के घायल होने की सूचना मिली।
परिजन बच्चे को तत्काल कमला नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां शनिवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर गौतम नगर पुलिस अस्पताल और फिर घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। शनिवार सुबह एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्पॉट का मुआयना भी किया।
एसीपी राकेश बघेल के मुताबिक, गोली बच्चे की कनपटी से आर-पार हुई है। डॉक्टरों से बातचीत में यह पुष्टि हुई है कि गोली बेहद पास से चलाई गई। इससे यह संकेत मिलता है कि बच्चे ने स्वयं कनपटी पर पिस्टल रखकर फायर किया। हालांकि, पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि यह आत्महत्या थी या गलती से गोली चल गई। सभी एंगल से जांच की जा रही है।
इससे पहले पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई थी कि बच्चे के घर के बाहर देर रात तक बाहरी युवकों का आना-जाना रहता था और पिता के संपर्क में कई लोग आते थे। हालांकि पिता के बयान के बाद जांच की दिशा बदल गई है।

