नईदिल्ली,01 फरवरी। भारत ने पांच मैचों के टी20 सीरीज के आखिरी मैच में न्यूजीलैंड को 46 रनों से मात देकर सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली है. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 271 रन बनाए और फिर कीवी टीम को 19.4 ओवर में 225 रनों पर ही समेट दिया.
न्यूजीलैंड की तरफ से फिन एलन ने सबसे ज्यादा 38 गेंद मे 80 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे. इसके अलावा राचिन रविंद्र 30 रन, डेरिल मिशेल 26 रन और आखिर में सोढी 33 रन बनने में सफल रहे. भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह 51 रन खर्च करके 5 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे.
मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले ईशान किशन को प्लेयर ऑफ दि मैच और सीरीज में दमदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ दि सीरीज के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.
इससे पहले ईशान किशन ने शतक जड़ कर अपने कप्तान के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को सही साबित किया. उन्होंने 43 गेंदों में 103 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 10 छक्के शामिल थे. ये टी20 इंटरनेशनल में उनकी पहले सेंचुरी है.
इस पारी की वजह से भारत टी20 में अपना तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहा. उन्होंने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 271 रन बनाए. जिसमें अभिषेक के 16 गेंद में 30 रन, कप्तान सूर्या के 30 गेंदों में 63 रन और हार्दिक के 17 गेंदों में 42 रन शामिल हैं. वहीं न्यूजीलैंड के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए. लेकिन कप्तान मिशेल सेंटनर सबसे ज्यादा महंगे रहे. उन्होंने 4 ओवर में 60 रन खर्च कर दिए.
बात दें की यह सिर्फ चौथी बार था जब सूर्यकुमार ने टी20 इंटरनेशनल में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया है. जिनमें से तीन मैच डेड रबर थे. इन तीनों मैच को भारत ने 133 रन, 135 रन और 21 रन के बड़े अंतर से जीते थे.
भारत की प्लेइंग-11 में तीन बड़े बदलाव हुए हैं. अक्षर पटेल, ईशान किशन और वरुण चक्रवर्ती को टीम में शामिल किया गया है जबकि हर्षित राणा, कुलदीप यादव और रवि बिश्नोई को प्लेइंग-11 से बाहर रखा गया है. वहीं न्यूजीलैंड की टीम में भी चार बड़े बदलाव हुए हैं. कॉन्व की जगह फिन एलन, मार्क चैपमैन की जगह जिमी नीशम, मैट हेनरी की जगह काइल जैमीसन और लॉकी टीम में आए हैं.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिशेल, बेवन जैकब्स, मिशेल सेंटनर (कप्तान), काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन, जैकब डफी.
भारत की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

