नईदिल्ली,01 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार शतकीय पारी (103 रन) खेली। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 42 गेंदों में पूरा किया। इस खिलाड़ी ने सीरीज के दूसरे मुकाबले में 76 रन बनाए थे। ईशान ने ईश सोढ़ी के एक ओवर में 29 रन भी जड़ दिए। इस पारी के दौरान उन्होंने 1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए।
भारतीय टीम को पहला झटका 31 रन पर लगा था। संजू सैमसन सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए ईशान ने 43 गेंदों का सामना किया और 103 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 239.53 की रही। उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर 57 गेंदों में 137 रन जोड़ दिए। हार्दिक पांड्या के साथ इस खिलाड़ी ने 18 गेंदों में 48 रन की साझेदारी निभाई।
ईशान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शतक जडऩे वाले भारत के 13वें बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ये कारनामा रोहित शर्मा, सूर्यकुमार, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, विराट कोहली, यशस्वी जायसवाल, रुतुराज गायकवाड, दीपक हुड्डा, शुभमन गिल, सुरेश रैना और केएल राहुल कर चुके हैं। रोहित ने भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा 5 शतक लगाए हैं। सूर्यकुमार के बल्ले स 4 शतक निकले हैं। संजू ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 3 शतक लगाए हैं।
किशन ने अब तक 36 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस दौरान वह 28.88 की औसत से 1,011 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 7 अर्धशतक भी निकले हैं। किशन ने दूसरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ 50+ का स्कोर बनाया है। इस खिलाड़ी ने ये दोनों पारियां इसी सीरीज में खेली हैं। उन्होंने 2021 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। टी-20 विश्व कप 2026 में उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
भारत के लिए टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शीर्ष पर हैं। उन्होंने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 35 गेंदों में शतक जड़ा था। अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई में 37 गेंदों में, सैमसन ने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में 40 गेंदों में और तिलक ने 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 41 गेंदों में शतक लगाया था। ईशान इस सूची में 5वें स्थान पर आ गए हैं।
किशन और सूर्यकुमार के बीच 137 रनों की साझेदारी न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। पहले स्थान पर रोहित और शिखर धवन की जोड़ी है। दोनों ने 2017 में 158 रन जोड़े थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

