नईदिल्ली,01 फरवरी। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 90 रनों से हरा दिया। इसी के साथ उसने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली। पहले मुकाबले में उसे 22 रन से शानदार जीत मिली थी। कंगारू टीम को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्य मिला था। हालांकि, उनकी टीम 15.4 ओवर में 108 रन का स्कोर ही बना पाई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के कप्तान आघा सलमान (76) और विकेटकीपर बल्लेबाज उस्मान खान (53) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम का स्कोर 198/5 तक ले गए। बाबर आजम (2) इस मैच में भी फ्लॉप रहे। जवाब में कंगारू टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाजों के सामने वो कुछ खास नहीं कर पाए। अबरार अहमद और शादाब खान ने 3-3 विकेट लिए।
सलमान ने 40 गेंदों का सामना किया और 76 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 190 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा और कंगारू टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा। इस खिलाड़ी ने सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 5 पारियों में 24 की औसत और 151.89 की स्ट्राइक रेट से 120 रन बनाए हैं।
उस्मान ने मैच में 36 गेंदों का सामना किया और 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 147.22 की रही। उस्मान के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का यह दूसरा अर्धशतक रहा। इस खिलाड़ी ने अपने करियर के दोनों अर्धशतक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 5 पारियों में 134.02 की स्ट्राइक रेट से 130 रन बनाए हैं।
सलमान ने 25 गेंदों में अर्धशतक जड़कर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तानी कप्तानों के लिए दूसरा सबसे तेज पचासा बनाया। इस मामले में पहला स्थान मोहम्मद हफीज के नाम है, जिन्होंने 2012 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
पाकिस्तान के लिए अबरार ने 3 ओवर में सिर्फ 14 रन खर्च कर 3 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 4.70 की रही। शादाब ने 4 ओवर में केवल 26 रन दिए और 3 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट 6.50 की रही। इसके अलावा उस्मान तारिक ने 2.4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने 6 की इकॉनमी से गेंदबाजी की। सैम अयूब और मोहम्मद नवाज को 1-1 सफलता मिली।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

