बुलावायो,02 फरवरी। भारतीय अंडर 19 टीम ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया. बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेल गए सुपर सिक्स मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर में 252 रनों पर ऑलआउट हो गई और फिर पाकिस्तान को 46.2 ओवर में 194 रनों पर समेट दिया. इसके साथ भारत ने टूर्नामेंट में अजेय अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया.
253 रनों का लक्ष्य मिलने के बाद, पाकिस्तान को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए 33.3 ओवर के अंदर लक्ष्य का पीछा करना था. लेकिन वो न तो तय समय सीमा के अंदर लक्ष्य का पीछा कर पाए और न ही मैच जीत पाए. रन चेज करने के समय पाकिस्तान के फॉर्म में चल रहे समीर मिन्हास 11 गेंदों पर 9 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए. उसके बाद हमजा जहूर (49 गेंदों पर 42 रन) और उस्मान खान (92 गेंदों पर 66 रन) ने पारी को संभालने की कोशिश की और दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों पर 65 रनों की साझेदारी की.
उसके बाद कप्तान फरहान यूसुफ (39 गेंदों पर 38 रन) 17वें ओवर के बाद चौथे नंबर पर आए, जब पाकिस्तान का स्कोर 88/2 था. वह क्रीज पर उस्मान खान के साथ शामिल हुए, और दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंदों पर 63 रन और जोड़े. दोनों बल्लेबाजों के अच्छी तरह से सेट होने और उस समय पाकिस्तान के सिर्फ दो विकेट गिरने के बावजूद, बीच के ओवरों में किसी भी बल्लेबाज ने रन गति बढ़ाने की कोई जल्दबाजी नहीं दिखाई. नतीजतन, पाकिस्तान 33.3 ओवर के अंदर लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रहने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गया, जबकि भारत आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच गया.
हालांकि पाकिस्तान ने आखिरकार पूरे 50 ओवर में लक्ष्य का पीछा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन उनकी उम्मीदों पर आयुष म्हात्रे ने पानी फेर दिया, जिन्होंने आठ ओवर में 3 विकेट झटके और खिलन पटेल ने 9.2 ओवर में 3 विकेट लिए. इस गेंदबाजी जोड़ी ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया, जिससे ग्रीन टीम ने अपने आखिरी आठ विकेट सिर्फ 43 रन पर गंवा दिए, जिससे उनकी पूरी टीम 46.2 ओवर में 194 रन पर ऑल आउट हो गए.
इससे पहले, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और भारत को 49.5 ओवर में 252 रन पर ऑल आउट कर दिया था. भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और उन्हों 47 पर अपने 3 विकेट खो दिए. जब वैभव सूर्यवंशी (22 गेंदों में 30 रन), आरोन जॉर्ज (25 गेंदों में 16 रन) और आयुष म्हात्रे (2 गेंदों में 0 रन) सस्ते में आउट हो गए. उसके बाद वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली, उनके अलावा, आरएस अंबरीश (38 गेंदों में 29 रन) और कनिष्क चौहान (29 गेंदों में 35 रन) के बहुमूल्य योगदान ने बहुत जरूरी गति प्रदान की और भारत को 250 रन के आंकड़े को पार करने में मदद की. पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभान सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 9.5 ओवर में 3 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सैयाम ने भी दो विकेट लिए.
इस जीत के साथ भारत आठ अंकों के साथ सुपर सिक्स के ग्रुप 2 में टॉप पर पहुंच गया और अपने ग्रुप से इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जबकि ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान सुपर सिक्स के ग्रुप 1 से सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली टीम हैं.
भारतीय अंडर 19 टीम अब 4 फरवरी को हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान से भिड़ेगी. वहीं दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड 3 फरवरी को बुलावायो में पहले सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. दोनों सेमीफाइनल के विजेता फिर फाइनल में भिड़ेंगे, जो 6 फरवरी को हरारे में खेला जाएगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

