विशाल भारद्वाज की फिल्म ओ रोमियो रिलीज के लिए तैयार है। शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी अभिनीत इस फिल्म के अब तक दो गाने रिलीज हो चुके हैं, जिन्हें काफी पसंद भी किया गया। अब फिल्म निर्माताओं ने फिल्म का तीसरा गाना इश्क का फीवर रिलीज किया है, जिसे अरिजीत सिंह ने गाया है। जी हां! अरिजीत सिंह, जिन्होंने हाल ही में प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा की थी, अब एक नया गाना लेकर आए हैं। हालांकि, प्रशंसकों को अरिजीत की आवाज सुनकर खुशी तो हुई, लेकिन साथ ही वे इस बात को लेकर भी चिंतित नजर आ रहे हैं कि कहीं यह उनका आखिरी गाना तो नहीं है।
ओ रोमियो के संगीतकार और निर्देशक विशाल भारद्वाज ने अरिजीत की प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में विशाल और अरिजीत के साथ रेखा भारद्वाज भी नजर आ रही हैं, जबकि निर्देशक और संगीतकार इश्क का फीवर गाना गाते हुए दिखाई दे रहे हैं। और अब यह गाना रिलीज हो चुका है! ऐसे में अरिजीत सिंह के फैंस भी इमोशनल हो गए और सिंगर से अपना फैसला वापस लेने की अपील कर रहे हैं। कई ने वीडियो के कमेंट सेक्शन में कमेंट करते हुए सिंगर से वापसी की गुहार लगाते दिखे।
अरिजीत सिंह और विशाल भारद्वाज ने हिंदी सिनेमा के कुछ सबसे यादगार गाने एक साथ बनाए हैं, जैसे कि फिल्म हैदर का खुल कभी तो और रंगून का ये इश्क है। उनके गाने अपनी भावनात्मक गहराई के लिए जाने जाते हैं, जिन्हें अक्सर गुलजार लिखते हैं। इस जोड़ी ने 2026 में आई फिल्म ओ रोमियो के हम तो तेरे लिए थे और इश्क का फीवर गानों में भी साथ काम किया है, जिनके रिलीज होने पर फैंस गाने पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
हाल ही में सलमान खान की फिल्म बैटल ऑफ गलवान का उनका गाना मातृभूमि रिलीज हुआ है, जिसे उनके फैंस से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। अरिजीत सिंह ने बॉलीवुड को तुम ही हो, चन्ना मेरेया, अगर तुम साथ हो, केसरिया और तुझे कितना चाहने लगे जैसे कई यादगार गाने दिए हैं। भारतीय संगीत जगत में उनके योगदान के लिए उन्हें दो राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके हैं। वहीं सिंगर ने 27 जनवरी को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि वह प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं और उनके इस फैसले ने हर किसी को चौंका दिया था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

