सिरसा 3 फरवरी (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी सिरसा की जिला सचिव सुमन सैनी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत किए गए आम बजट को संतुलित, दूरदर्शी एवं भविष्य का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। सुमन सैनी ने कहा कि इस बजट में तीन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया है— प्रथम, देश की अर्थव्यवस्था की वर्तमान गति को बनाए रखना।
द्वितीय, देश की आधारभूत संरचना एवं मानव संसाधनों की क्षमता का विस्तार करना। तृतीय, समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समावेशी विकास को सुनिश्चित करना। उन्होंने कहा कि अल्पकालिक रियायतों की बजाय दीर्घकालिक विकास को प्राथमिकता देना इस बजट की सबसे बड़ी विशेषता है। सड़कें, बंदरगाह, औद्योगिक कॉरिडोर तथा डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने से देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में और अधिक सशक्त होकर उभरेगा। सैनी ने बताया कि रक्षा क्षेत्र के लिए लगभग 6 लाख करोड़ रुपये, कृषि क्षेत्र के लिए लगभग पौने दो लाख करोड़ रुपये, ग्रामीण विकास के लिए लगभग पौने तीन लाख करोड़ रुपये तथा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहली बार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रावधान किया गया है। यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान को समर्पित है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देशभर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के 50 पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। एडवेंचर टूरिज्म को प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा पूर्वोत्तर भारत में बौद्ध सर्किट का विकास किया जा रहा है। साथ ही वाराणसी, जम्मू-कश्मीर, ऋषिकेश, हरिद्वार, कांचीपुरम, हंपी, तिरुपति, भुवनेश्वर, पुरी, बिशनपुर, उज्जैन, खजुराहो, द्वारका और पंढरपुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोडऩे हेतु विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए बजट में वृद्धि की गई है, जिससे भारत टेक्नोलॉजी-ड्रिवन अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
हरियाणा के संदर्भ में बोलते हुए सुमन सैनी ने कहा कि राज्य के लिए पिछले बजट की तुलना में केंद्र से मिलने वाली राशि 15,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर लगभग 21,000 करोड़ रुपये किया गया है। इसके साथ ही हरियाणा के राखीगढ़ी को देश के 15 प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में शामिल कर विशेष बजट का प्रावधान किया गया है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि सिरसा सहित 13 जिलों में लवणीय एवं जलभराव से प्रभावित भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए वर्टिकल ड्रेनेज और सब-सर्फेस ड्रेनेज तकनीक के माध्यम से अगले तीन वर्षों में लगभग चार लाख एकड़ भूमि को सुधारने की योजना है। गंभीर बीमारियों के शोध एवं विकास के लिए”बायो-फार्मा शक्ति” योजना के अंतर्गत लगभग 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं खेलो इंडिया मिशन के बजट में भी वृद्धि कर युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढऩे के अवसर दिए गए हैं।
अंत में सुमन सैनी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत आधार है। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत शीघ्र ही विश्व की एक प्रमुख आर्थिक और तकनीकी शक्ति के रूप में स्थापित होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

