जयदीप यादव
कोलकाता 3 फरवरी (आरएनएस)। वेस्ट पोर्ट थाना इलाके के ब्रुकलेन लेन स्थित पेट्रोल पंप के पास गार्डेनरीच फ्लाईओवर इलाका देर रात लगभग 12.15 बजे तब भीषण आवाज से दहल गया जब यहां विस्फोट की आवाज के साथ भीषण अगलगी की घटना घटी। लाल बाजार पुलिस मुख्यालय ने बताया कि, उक्त अगलगी की घटना वेस्ट पोर्ट थाना इलाके के ब्रुकलेन में सीजीआर रोड स्थित टिन की शेड वाली एक झोपड़ी के जैसे एक निर्माण में देर रात लगभग 12.15 बजे लगी। दमकल के पांच गाडिय़ों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आधिकारिक तौर पर आग के कारण का पता नहीं चल सका है। वहीं स्थानीय लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो अचानक तेज कान के पर्दे का फाड़ देने वाला धमाका हुआ और गार्डेनरीच फ्लाईओवर के पास ही स्थित पेट्रोल पंप के पीछे भीषण आग लगी। प्राथमिक जानकारी में कहा जा रहा है कि धमाका वहां एक अस्थाई फुटपाथी निर्माण में हुआ। प्राथमिक अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि आग शायद गैस सिलेंडर से लगी हो। धमाके की आवाज एक किलोमीटर तक सुनी गई। घटना अलीफनगर दमकल केन्द्र से लगभग पांच सौ मीटर के पास घटी। ऐसे में कुछ मिनटों में दमकल पहुंच चुकी थी। राहत बचाव कार्य किया गया। लोगों ने बताया कि , रात को घटना स्थल के आसपास देर रात तक एम्बुलेंस भी सक्रिय थी। लाल बाजार पुलिस मुख्यालय द्वारा उक्त भीषण अगलगी के हादसे में किसी की हताहत से इंकार किया गया है।

