कोलकाता, दुर्गापुर और आसनसोल में कई ठिकानों पर तलाशी अभियान
कोलकाता/आसनसोल 3 फरवरी (आरएनएस) एक बार फिर बंगाल के कई जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने अभियान चलाया। कोयला और बालू तस्करी मामले की जांच में ईडी ने सुबह से ईडी कोलकाता, दुर्गापुर और आसनसोल में कई ठिकानों पर तलाशी व छापेमारी को अंजाम दिया। अभियान सरकारी अधिकारियों और व्यवसायियों के घरों और दुकानों पर की जा रही है. ईडी की टीमों ने दिल्ली में भी कई जगहों पर छापे मारे हैं। जांचकर्ताओं के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान भी मौजूद हैं। इस छापेमारी के दौरान व्यवसायी रमेश बंसल के आवास से कथित तौर पर कई लाख नकद बरामद किए गए हैं। ईडी सूत्रों के मुताबिक, बरामद रकम के स्रोत को लेकर व्यवसायी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। केंद्रीय जांच एजेंसी की एक टीम आज सुबह करीब 6:30 बजे तीन गाडिय़ों में कोलकाता से जामुडिय़ा पहुंची। इस जांच में 16 लोगों की एक विशेष टीम शामिल है। शुरुआत में, जामुडिय़ा बाजार के पास पंजाबी मोड़ इलाके में व्यवसायी रमेश बंसल के घर पर तलाशी शुरू हुई। ईडी ने उनके दो बेटों, सुमित बंसल और अमित बंसल के घरों पर भी छापेमारी की। इसके अलावा, ईडी अधिकारी पंजाबी मोड़ स्थित एक हार्डवेयर दुकान और उससे सटे गोदाम में भी दाखिल हुए। जामुडिय़ा हटतला इलाके में ‘बंसल हार्डवेयरÓ नामक दुकान पर भी तलाशी जारी है। सुरक्षा के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। ईडी की एक टीम ने दुर्गापुर सिटी सेंटर स्थित बुदबुद थाने के नवनियुक्त प्रभारी अधिकारी मनोरंजन मंडल के घर पर छापेमारी की। मनोरंजन मंडल इससे पहले बाराबनी थाने के प्रभारी थे और कुछ समय के लिए निलंबित रहे थे। हाल ही में उन्हें दोबारा नियुक्ति मिली थी और कार्यभार संभालने से ठीक पहले यह छापेमारी हुई। ईडी ने पांडवेश्वर के नवग्राम और दुर्गापुर के एक अन्य पते पर भी तलाशी अभियान चलाया है। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं। दुर्गापुर के बालू कारोबारी प्रबीर दत्ता, पानागढ़ के शेख हसन और मिर्जा बेग, अंडाल के बख्तरनगर के शेख किरण मंडल और पांडवेश्वर के नबग्राम के कोयला व्यापारी शेख मैजुल के घर पर भी छापेमारी की गयी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान विभिन्न दस्तावेज, बैंक स्टेटमेंट और डिजिटल उपकरण जब्त किए जा रहे हैं। खबर है कि कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

