नईदिल्ली,04 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होना है, जिसमें राशिद खान की कप्तानी में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम अपनी चुनौती पेश करेगी। 2024 में खेले गए पिछले संस्करण में अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। उसे सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी। ऐसे में आगामी संस्करण में राशिद के नेतृत्व में टीम एक बार फिर जोरदार प्रदर्शन करना चाहेगी। इस बीच अफगानिस्तान की टीम, शेड्यूल और अन्य जानकारी पर नजर डालते हैं।
अफागनिस्तान की गेंदबाजी कमाल की है। टीम के पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो दुनिया भर की टी-20 लीग क्रिकेट खेलते हैं। ऐसे में कोई भी टीम उन्हें हल्के में नहीं लेगी। ऐसी है अफगानिस्तान की टीम: राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, अब्दुल्लाह अहमदजाई, सेदिकुल्लाह अतल, फजलहक फारूकी, रहमानुल्लाह गुरबाज, नवीन उल हक, मोहम्मद इशाक, शाहिदुल्लाह कमाल, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नाइब, अजमतुल्लाह उमरजई, मुजीब उर रहमान, दरविश रसूली, इब्राहिम जरदान। रिजर्व खिलाड़ी: अल्लाह गजनफर, इजाज अहमदजई और जियाउर रहमान शरीफी।
भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले टी-20 विश्व कप में अफगानिस्तान की टीम अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच से करेगी। अफगान टीम विश्व कप के ग्रुप- डी में मौजूद है। 11 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अफगानिस्तान अपना दूसरा मैच खेलेगी। इसके बाद 16 फरवरी को यूएई के खिलाफ और 19 फरवरी को कनाडा के खिलाफ बचे हुए ग्रुप मैचों में हिस्सा लेगी।
अफगानिस्तान की टीम साल 2007 और 2009 के विश्व कप में क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। इसके बाद 2010 और 2012 के विश्व कप टूर्नामेंट में टीम ने ग्रुप स्टेज तक का ही सफर तय किया था। 2014 के विश्व कप में पहले राउंड और 2016 के विश्व कप में सुपर-10 से टीम बाहर हो गई थी। 2021 और 2022 के टूर्नामेंट में टीम सुपर-12 तक पहुंची थी। 2024 में अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
अफगानिस्तान ने टी-20 विश्व कप में अब तक 30 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को 12 मुकाबलों में जीत मिली है। 18 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम ने अपना पहला मुकाबला साल 2010 में खेला था। टीम का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 190 रन रहा है। वहीं, सबसे छोटा स्कोर 56 रन है। भारत फिलहाल सबसे ज्यादा मैच जीतने (35) वाली टीम है। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका ने 32-32 मैच जीते हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी


















