कूचबिहार से काकद्वीप तक झटके महसूस किए गए
कोलकाता 4 फरवरी (आरएनएस)। मंगलवार रात भारतीय समया नुसार करीब 9 बजकर 5 मिनट पर कोलकाता और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 6.0 मापी गई है. भूकंप का मुख्य केंद्र म्यांमार के सितवे के पास स्थित था। यह जगह येनांगयांग से 95 किमी पश्चिम में स्थित है और बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से लगभग 200 किलोमीटर की दूरी पर है। पश्चिम बंगाल के दूसरे जिलों में भी झटके महसूस किए गए। पता चला है कि भूकंप का केंद्र म्यांमार था। इसके अलावा बांग्लादेश और इंडोनेशिया में भी भूकंप की खबरें हैं। रात के समय अचानक आए इन झटकों की वजह से कोलकाता की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग घबराकर खुले मैदानों की ओर भागने लगे। हालांकि अभी तक कहीं से भी किसी बड़े नुकसान या हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भूकंप के झटके कोलकाता, हावड़ा, हुगली से शुरू होकर राज्य के कई जिलों में महसूस किया गया। झटके रात करीब 9:05 बजे महसूस किए गए। नॉर्थ बंगाल में भी कई जगहों पर झटके महसूस किए गए। कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए।
पिछले साल जनवरी और नवंबर में कोलकाता समेत पश्चिम बंगाल और उसके पड़ोसी राज्य भूकंप से हिले थे। जनवरी 2025 में आए भूकंप का सेंटर नेपाल में गोकर्णेश्वर के पास लोबुचे से 90 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.1 थी। बिहार के मधुबनी जिले में भी झटके महसूस किए गए थे। बांग्लादेश, चीन और भूटान में भी झटके महसूस किए गए थे। उसके बाद 21 नवंबर की सुबह कोलकाता शहर की ज़मीन हिली। कूचबिहार से लेकर काकद्वीप तक हर जगह झटके महसूस किए गए। भूकंप का सेंटर बांग्लादेश में नरसिंगडी से 14 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में और ज़मीन में 10 किलोमीटर अंदर था।

