सिरसा 4 फरवरी (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार आज, बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों को नशा तस्करी पर कड़ी निगरानी रखने और उसके खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए । इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएसपी संजीव बल्हारा ने नशे के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीतियों और दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए विस्तारपूर्वक जानकारी दी । डीएसपी बल्हारा ने कहा कि नशे का कारोबार समाज के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है,जो ना केवल युवाओं को प्रभावित करता है, बल्कि इससे अपराध और हिंसा भी बढ़ रही है। नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि इस अपराध पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सके । उन्होंने थाना प्रभारियों एवं जांच अधिकारियों से यह भी कहा कि नशा तस्करों द्वारा नशे की काली कमाई से अवैध रुप से संपति अर्जित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नशे की काली कमाई से अर्जित संपति को जब्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ।उन्होंने कहा कि धारा 68 एफ के तहत यदि कोई जांच अधिकारी यह विश्वास करता है कि नशा तस्करों द्वारा संपत्ति अवैध रूप से अर्जित की गई है, तो उस संपत्ति का अभिग्रहण करने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरु करें । यह आदेश संबंधित अधिकारी द्वारा दिया जाएगा, और उसे सक्षम प्राधिकारी को सूचित किया जाएगा । डीएसपी ने इस दौरान स्पष्ट किया कि आदेश के प्रभावी होने से पहले उसकी पुष्टि सक्षम प्राधिकारी द्वारा की जाएगी, और यह पुष्टि 30 दिनों के भीतर की जानी चाहिए। यदि इस आदेश को सक्षम प्राधिकारी द्वारा मंजूरी नहीं मिलती है, तो वह आदेश प्रभावी नहीं होगा ।डीएसपी बल्हारा ने इस प्रक्रिया को बहुत ही पारदर्शी और कानूनी तरीके से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी संपत्ति एक जगह से दूसरी जगह पर बदलता है और उसकी कीमत घटती या बढ़ती है,तो भी इसे अवैध माना जाएगा और उस पर भी पुलिस कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने कहा कि नशा तस्करी को रोकने के लिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि कोई भी अवैध संपत्ति न केवल जब्त की जाए, बल्कि उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी प्रभावी रूप से की जाए। इस कार्य में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग और समर्थन प्राप्त होगा, ताकि जिले में नशा तस्करी की समस्या का हल निकल सके।अंत में, डीएसपी बल्हारा ने सभी थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों से यह अपील की कि वे नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्ती से काम करें। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य न केवल अपराधियों को सजा दिलवाना है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाकर नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को बचाना भी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

