रायपुर,04 फरवरी(आरएनएस)। जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार को लिंक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। मृतकों में एक रेलवे विभाग का नियमित कर्मचारी था वहीं दूसरा ठेके पर कार्य करने वाला था। हादसा बैकुंठ पुलिया के ऊपर डाउन मिडिल लाइन के पास का है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रेलवे कर्मी लाला राम बंजारे (55 वर्ष) और रेलवे से जुड़े कार्यों में संलग्न ठेकाकर्मी मोहन लाल साहू (26 वर्ष) के तौर पर हुई है। बताया जाता है दोनों व्यक्ति रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही लिंक एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। तिल्दा थाना पुलिस ने दोनों मृतकों के खिलाफ पंचनामा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
000


















