भोपाल 4 फरवरी (आरएनएस)। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं को सुना और अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को प्रेषित कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। जनसमस्याओं की सुनवाई के उपरांत मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पूरी कांग्रेस सुर्खियों में बने रहने के लिए असत्य और तथ्यहीन बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। झूठ और फरेब की राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत रही है, जिसे जनता अब भली-भांति समझ चुकी है। मध्यप्रदेश सरकार पूर्ण आर्थिक अनुशासन का पालन करते हुए कार्य कर रही है।
मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि हाल ही में अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील की पूरी दुनिया में सराहना हो रही है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मजबूत निर्णय क्षमता का परिणाम है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि उनके लिए देश और देशवासियों का हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हर स्तर पर निरंतर प्रयास कर रहे हैं। अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से भारत के लिए नए व्यापारिक अवसर खुलेंगे और भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगा। भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। इसके विपरीत कांग्रेस नेता बिना जानकारी और तथ्यों के अर्थव्यवस्था और ट्रेड डील जैसे गंभीर विषयों पर गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।
मंत्री सारंग ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा मध्यप्रदेश के कर्ज को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार पूर्ण आर्थिक अनुशासन का पालन करते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फेडरल सिस्टम के अंतर्गत राज्यों को अपनी जीएसडीपी के 3 प्रतिशत तक कर्ज लेने की अनुमति है और मध्यप्रदेश सरकार इस सीमा का अक्षरश: पालन कर रही है। राज्य सरकार द्वारा लिया गया कर्ज पूरी तरह पूंजीगत व्यय के लिए उपयोग किया जा रहा है, जो अर्थशास्त्र की दृष्टि से उचित और आवश्यक है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बिना तथ्यों के आरोप लगाने की आदत है। वे भ्रम फैलाकर राजनीति करना चाहते हैं, जबकि स्वयं कांग्रेस संगठन आंतरिक कलह और अव्यवस्था से जूझ रहा है। कांग्रेस अपने ही संगठनात्मक नियमों का पालन करने में असफल रही है। जीतू पटवारी और कांग्रेस नेताओं को भाजपा सरकार को बदनाम करने के बजाय अपने संगठन को संभालने पर ध्यान देना चाहिए।
मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ किए गए व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह व्यवहार अत्यंत निंदनीय और अपमानजनक है। कांग्रेस ने हमेशा देश के शहीदों और उनके परिवारों के सम्मान को ठेस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश के इतिहास, बलिदानों और शहीदों के योगदान की समझ नहीं है। जिन लोगों ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, उनके प्रति कांग्रेस नेताओं की संवेदनशीलता का अभाव स्पष्ट दिखाई देता है। बिट्टू के परिवार सहित वेद सिंह जैसे महान बलिदानियों का अपमान पूरे देश और शहीदों का अपमान है। कांग्रेस की यह मानसिकता अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है।


















