रायपुर,04 फरवरी (आरएनएस)।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत संवाद से समाधान अभियान की कड़ी में आज पुलिस उपायुक्त (नार्थ जोन) मयंक गुर्जर के नेतृत्व में होटल, ढाबा, लॉज एवं बार संचालकों की बैठक सिविल लाईन रायपुर स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में एडीसीपी आकाश मरकाम एवं एसीपी पूर्णिमा लामा की उपस्थिति रहीं। बैठक में नार्थ जोन अंतर्गत थाना खमतराई, उरला, गुढिय़ारी, पंडरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र के समस्त होटल, ढाबा, लॉज एवं बार संचालक उपस्थित रहे।बैठक के दौरान मयंक गुर्जर द्वारा प्रतिष्ठानों के संचालन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने सभी संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं लाइसेंस शर्तों का कड़ाई से पालन करने, समय-सीमा का ध्यान रखने, अवैध गतिविधियों पर पूर्ण रूप से रोक लगाने तथा अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही होटल एवं लॉज में ठहरने वाले ग्राहकों का विधिवत रिकॉर्ड संधारित करने, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीव्ही कैमरों की कार्यशील स्थिति, महिला एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, नशे से संबंधित गतिविधियों पर सतर्कता तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने पर विशेष जोर दिया गया।एडीसीपी आकाश मरकाम एवं एसीपी पूर्णिमा लामा द्वारा भी संचालकों को पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने, कानून-व्यवस्था में सहयोग करने तथा समाज में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने हेतु अपने दायित्वों का निर्वहन करने कहा गया। बैठक का उद्देश्य पुलिस एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बीच संवाद स्थापित कर आपसी सहयोग से कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। संचालकों द्वारा भी बैठक में उठाए गए बिंदुओं पर सहमति जताते हुए पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।
00


















