ऋषिकेश,05 फरवरी (आरएनएस)। ऋषिकेश में बदलता मौसम लोगों को बीमार कर रहा है। पिछले दो-तीन दिनों से अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढऩे लगी है। गुरुवार को राजकीय अस्पताल ऋषिकेश की ओपीडी 300 के पार हो गई। इनमें ज्यादातर मरीज वायरल और मौसमी बीमारियों से पीडि़त पाए गए। बीते एक महीने से मौसम में आए बदलाव ने मौसमी बीमारियों को बढ़ावा दे दिया है। राजकीय अस्पताल ऋषिकेश में रोजाना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीते कुछ दिनों में इसमें खासा इजाफा देखा गया है। जहां पहले प्रतिदिन 150 से 200 मरीज ही अस्पताल पहुंचते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 300 के पार पहुंच रही है। सुबह 8 बजे से ही पंजीकरण के लिए मरीजों की लंबी कतारें लगने लगती हैं। गुरुवार को भी पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की लाइन अस्पताल के मुख्य दरवाजे तक नजर आई। अस्पताल में आने वाले अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण, वायरल फीवर और एलर्जी जैसी समस्याओं से पीडि़त पाए जा रहे हैं। बदलते मौसम के कारण बच्चों और बुजुर्गों में वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जिससे अस्पतालों पर दबाव भी बढ़ गया है। चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है। कोट- मौसम में बदलाव के कारण वायरल और मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। सर्दी-खांसी या बुखार होने पर मास्क का उपयोग करें। पर्याप्त पानी पिएं और जरूरत पडऩे पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।- डॉ. अमित रौतेला, वरिष्ठ फिजीशियन, सरकारी अस्पताल ऋषिकेश
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

