हरिद्वार,21 अपै्रल (आरएनएस)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में परचून की दुकान के पास आठ से 10 युवकों ने पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमालपुर कलां निवासी अभिराम बाला ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि वह प्लंबर का काम करते हैं। 14 अप्रैल की रात बिल्केश्वर रोड स्थित वाल्मीकि बस्ती में काम के बाद अपने पुत्र अनुराग के साथ लौट रहे थे। भीष्म ज्वालापुर के पास बाजार में घरेलू सामान लेने के लिए रुके थे, तभी आठ से 10 युवक वहां पहुंचे और बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के मुताबिक बचाव करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई। पीडि़त के अनुसार कुछ हमलावरों ने मुंह ढक रखा था, जबकि कुछ को उसके बेटे ने पहचान लिया है। इनमें राजीव नगर निवासी अंकुश, आर्यन उर्फ छोटा और सुजल शामिल रहे हैं। आरोप है कि ये युवक नशे के अवैध धंधे से जुड़े हैं और पहले अनुराग को भी इसमें शामिल होने का दबाव बना चुके थे। मना करने पर रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

