कोटद्वार,05 फरवरी (आरएनएस)। नगर क्षेत्र के अंतर्गत दो युवकों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर युवकों के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए। एसआई सय्यदुल बहार ने बताया कि लालपुर निवासी दीपांशु रावत (19) पुत्र शैलेंद्र रावत को बृहस्पतिवार सुबह परिजन गंभीर हालत में बेस अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने परिजनों से हुई पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि दीपांशु ने जेईई की परीक्षा दी थी। बुधवार को आंसर-की जारी हुई थी। परीक्षा में अच्छे नंबर नहीं आने के कारण वह काफी व्यथित था। बृहस्पतिवार सुबह जब दीपांशु काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजन कमरे में पहुंचे। दीपांशु उन्हें गमछे के सहारे खिड़की पर लटका मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं यूपी के जिला बिजनौर की नगीना तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिंजाहेड़ी निवासी दिनेश कुमार (19) पुत्र सर्वेश कुमार को परिजन बेस अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दिनेश कौडिय़ा में अपने बड़े भाई के साथ किराये के कमरे में रहता था और प्लंबिंग का कार्य करता था। दिनेश कमरे में अपने भाई को पंखे के हुक पर लटका मिला। दिनेश को भी अस्पताल लाया गया। उसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिए गए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

