कोटद्वार,05 फरवरी (आरएनएस)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाडऩे वालों के खिलाफ कार्रवाई करने व हेट स्पीच पर अकुंश लगाने की मांग की। बृहस्पतिवार को महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महामंत्री रंजना रावत की अगुवाई में इस संबंध में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी उमेश चंद्र पांथरी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।
कांग्रेसियों ने ज्ञापन के कहा कि नेशनल क्राइम रिसर्च ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट के अनुसार, लचर कानून व्यवस्था के चलते महिला अपराधों की दृष्टि से हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड पहले स्थान पर पहुंच गया है। इस तरह की घटनाएं रोकने के लिए शासन-प्रशासन को आवश्यक उपाय करने चाहिए। ज्ञापन में कहा गया कि कोटद्वार में हालिया घटनाक्रम में 31 जनवरी को युवक दीपक कुमार के साथ गालीगलौज, अभद्रता करने के साथ ही उन पर हमला किया गया। कार्यकर्ताओं ने सभी हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि सेंटर फॉर स्टडी ऑफ ऑर्गेनाइजेशन हेट (सीएसओएच) की एक रिपोर्ट में 71 हेट स्पीच के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी हेट स्पीच में देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ कांग्रेसी पातीराम ध्यानी, प्रेम सिंह पयाल, बलबीर सिंह रावत, बीरेंद्र सिंह रावत, लक्ष्मी चौहान, शीला भारती, गोकुल सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह नेगी, परमानंद, चंद्रमोहन सिंह रावत, पार्षद रीता देवी, प्रदीप नेगी, आशाराम, जावेद हुसैन, मदन सिंह नेगी, डा. विनोद नेगी, जितेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

