कोटद्वार,05 फरवरी (आरएनएस)। बेस अस्पताल आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। दरअसल अस्पताल प्रशासन ने ओपीडी कक्ष अलग-अलग करने के बजाय एक ही स्थान पर कर दी है। राजकीय बेस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड को ओपीडी से बिल्कुल अलग बेसमेंट में रखा है। वहीं, प्रथम तल पर ओपीडी सेक्शन बने हैं। यहां प्रमुख तौर पर बाल रोग, अस्थि रोग, सर्जन, फिजिशियन की ओपीडी संचालित होती है। अब तक बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हरेंद्र सिंह, डॉ. कुसुमा रावत की ओपीडी ही पास-पास कक्षों में संचालित हो रही थी। अब अस्पताल प्रशासन ने बाल रोग, अस्थि रोग, सर्जन, फिजिशियन की ओपीडी को विभागवार पास-पास स्थापित कर दिया है। अस्थि विभाग के अंतर्गत अब कक्ष संख्या 128 में डॉ. अभिषेक जैन, कक्ष संख्या 129 में डॉ. वीसी काला, सर्जन ओपीडी में कक्ष संख्या 117 में डॉ. मयंक नौटियाल, कक्ष संख्या 118 में डॉ. सतीश कुमार उपलब्ध होंगे। वहीं, बाल रोग विभाग में कक्ष संख्या 105 में डॉ. कुसुमा रावत, कक्ष संख्या 106 में डॉ. हरेंद्र सिंह मिलेंगे। फिजिशियन डॉ. जेसी ध्यानी कक्ष संख्या 104 और डॉ. शिवम नेगी 124 में आमने-सामने उपलब्ध होंगे। अस्पताल पहुंचे मरीज नंदलाल, घसीटा, मो. शुएब, जयकृत का कहना था कि एक रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक एक ही जगह पर मिलने से सुविधा हुई। आयुष्मान कार्ड से संबंधी कार्य व जानकारी भी ओपीडी सेक्शन के आसपास ही तो बेहतर होगा। मरीजों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। एकसमान विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओपीडी को पास-पास स्थापित करने से निश्चित ही मरीजों को आसानी होगी। -डॉ. विजय सिंह, प्रमुख चिकित्सक अधीक्षक, बेस अस्पताल कोटद्वार।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

