बिलासपुर 7 फरवरी 2026(आरएनएस) बिलासा एयरपोर्ट बनने के छह साल बाद एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू की जा सकेगी। डीजीसीए द्वारा बिलासा एयरपोर्ट को उसी आईएफआर के साथ ही नाइट लैंडिंग का लाइसेंस जारी किया गया है। अब रात्रीकालीन हवाई सेवा भी एयरपोर्ट पर संभव हो सकेगी।लंबी प्रतीक्षा के बाद बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट को नाइट लैंडिंग का लाइसेंस मिल गया है। 72 व 80 सीटर तक विमान 24 घंटे चलाई जा सकेगी। खराब मौसम, रात, घने कोहरे के बीच फ्लाइट का परिवहन किया जा सकेगा। अब फ्लाइट कैंसिल होने की आशंका भी समाप्त हो चुकी है। 24 घंटे हवाई सुविधा के लिए सालों से संघर्ष जारी है। 2021 मार्च में एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू किया गया है, लेकिन रात्रिकालीन फ्लाइट का परिवहन नहीं किया जा रहा है, ऐसे में लाइसेंस मिलने के बाद इस समस्या से निजात मिल सकेगी।
अब रात में हो सकेगा हवाई सफर
एयरपोर्ट अथॉरिटी को शुक्रवार को पत्र प्राप्त हुआ है, जिससे अब बिलासा एयरपोर्ट पर रात्रिकालीन हवाई सेवा भी शुरू की जा सकेगी। रात में मेडिकल एयर एम्बुलेस जैसी सुविधा मिल सकेगी, जिससे यात्री व जरूरतमंदों को खासी सहूलियत होगी।
– एनबी सिंह, डायरेक्टर बिलासा एयरपोर्ट
नागरिक सुविधा संघर्ष समिति ने किया धन्यवाद ज्ञापित
सुविधा संघर्ष समिति ने कहा कि महानगर तक उड़ान और 4सी एयरपोर्ट की मांग के बगैर नाइट लैंडिंग की सुविधा अधूरी थी। समिति ने केंद्र और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।
हर मौसम में उड़ेगी फ्लाइट-तोखन साहू
केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने बिलासा एयरपोर्ट को उसी ऑल वेदर आपरेशन आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस मिलना ऐतिहासिक और दूरगामी उपलब्धि है। अब सभी मौसमों में विमान संचालन संभव हो सकेगा। क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं हवाई सेवाएँ मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु के दूरदर्शी नेतृत्व व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विकासपरक के परिणामस्वरूप बिलासा एयरपोर्ट को लाइसेंस मिल सका है। ऑल वेदर संचालन की सुविधा मिलने से कोहरे, वर्षा अथवा खराब मौसम की स्थिति में भी विमानों का सुरक्षित संचालन संभव होगा, उड़ानों के निरस्तीकरण में कमी आएगी।

