सारंगढ़ 13 जून (आरएनएस) “अब सड़क पर हुड़दंग, स्टंटबाजी और कानून तोड़ने की कोशिश भारी पड़ेगी।” इसी कड़े संदेश के साथ शनिवार देर रात सारंगढ़ शहर की सड़कों पर पुलिस का बड़ा फ्लैग मार्च निकला। बस स्टैंड से लेकर सदर बाजार, रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स और तुर्की तालाब चौपाटी तक पुलिस की पैदल पेट्रोलिंग ने असामाजिक तत्वों में हलचल मचा दी, जबकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय और एसडीओपी स्नेहिल साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में कोतवाली सारंगढ़ पुलिस एवं पुलिस लाइन के जवानों ने संवेदनशील क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया, नागरिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान युवकों को थाना बुलाकर आपसी विवाद, मारपीट, स्टंटबाजी, अनावश्यक समूहबाजी और शांति भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहने की सख्त समझाइश दी गई।
फ्लैग मार्च के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और भविष्य में किसी भी प्रकार की अवैध या असामाजिक हरकत करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, बदमाशी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की तत्काल सूचना दें। इसके लिए बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर भी आमजन को उपलब्ध कराए गए, ताकि किसी भी स्थिति में सीधे संपर्क किया जा सके।
बहरहाल, सारंगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और त्वरित कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


