भानुप्रतापपुर,13 जून (आरएनएस)। गोदावरी माईंस कच्चे से प्रभावित 8 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों की बैठक ग्राम पंचायत भवन कच्चे में आयोजित की गई। बैठक में खदान के खिलाफ किए जा रहे कथित दुष्प्रचार पर नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया।बैठक में उपस्थित सरपंचों और ग्रामीण प्रतिनिधियों ने कहा कि कुछ लोग स्वार्थवश समाचार माध्यमों में माईंस के खिलाफ अनर्गल आरोप लगा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के श्रमिकों और उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि गोदावरी खदान से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है, इसलिए गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो माईंस प्रभावित पंचायतों द्वारा चक्काजाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।बैठक में सरपंच कांति हिड़को (कच्चे), सीताबाई गावड़े (पर्रेकोड़ो), संतोष पद्दा (साल्हे), हिरेसिंह दर्रो (भीरावही), नमिता नेताम (ईरागांव), धनसिंह ध्रुव (झिटकाटोला), पंकज हिड़को (मरकाटोला), लोमन तोपेन्द (पुसावड़), मजदूर संघ अध्यक्ष संतोष भूआर्य, ऑपरेटर-ड्राइवर संघ अध्यक्ष मनीष कावड़े, क्रेशर संघ प्रतिनिधि हरीश महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

