नईदिल्ली,07 फरवरी। अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर छठी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी भारत के हीरो बनकर उभरे। उन्होंने 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गए। ऐसे में आइए उनके प्रदर्शन और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
वैभव ने टूर्नामेंट में 7 मुकाबले खेले और इसकी 7 पारियों में 62.71 की औसत से 439 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 169.49 की रही। उनके बल्ले से 1 शतक के अलावा 3 अर्धशतक भी निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रन रहा जो फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ आया। टूर्नामेंट में उनसे ज्यादा रन सिर्फ इंग्लैंड के बेन मेय्स ने बनाए। उनके बल्ले से 7 मैच की 7 पारियों में 74 की औसत से 444 रन निकले।
वैभव ने इस विश्व कप में 30 छक्के जड़े। अकेले फाइनल मुकाबले में इस खिलाड़ी ने 15 छक्के लगाए। वह अंडर-19 विश्व कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने डेवाल्ड ब्रेविस और फिन एलन का रिकॉर्ड तोड़ा है। इन दोनों खिलाडिय़ों ने 18-18 छक्के लगाए थे। इसके अलावा वह अंडर-19 क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज भी बने हैं।
वैभव अंडर-19 विश्व कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के (15) लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने माइकल हिल का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2008 के विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे। तिसरे स्थान पर 11 छक्कों के साथ क्रेग सिमंस हैं।
वैभव ने अंडर-19 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे तेज शतक लगाया है। वैभव के अलावा अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में भारत की ओर से सिर्फ 2 और बल्लेबाजों ने शतक जड़ा है। ये खिलाड़ी मनजोत कालरा और उन्मुक्त चन्द हैं। वहीं, टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक वैभव के नाम आया है। ऑस्ट्रेलिया के विल मलाज्चुक ने जापान के खिलाफ सिर्फ 51 गेंदों में शतक लगाया था। वह इस सूची में पहले स्थान पर हैं।
14 साल 316 दिन की उम्र में वैभव अंडर-19 विश्व कप में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम था, जिन्होंने 2010 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 15 साल 92 दिन की उम्र में शतक लगाया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने अपनी पारी में 15 छक्के जड़े, जो यूथ वनडे क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं।
००

