भोपाल,07 फरवरी (आरएनएस)।नगर निगम द्वारा संपत्तिकर सहित अन्य करों एवं शुल्कों की वसूली प्रभावी ढंग से की जा रही है साथ ही करों का भुगतान न करने वालों के विरूद्ध संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही भी निरंतर जारी है। इस तारतम्य में निगम के जोन क्र. 04 के वार्ड क्र. 17 एवं 20 के अंतर्गत आने वाले 07 बकायादारों की संपत्तियां कुर्क की।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देष पर शनिवार को निगम के अमले ने जोन क्र. 04 के वार्ड क्र. 17 के अंतर्गत 199 न्यू सिंधी कालोनी के रहवासी चेलाराम द्वारा संपत्तिकर की बकाया राशि 01 लाख 23 हजार 238 रूपये का भुगतान न करने पर उक्त बकायादार की संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही की गई साथ ही इसी वार्ड के 62 बी शांति नगर कालोनी के हीरालाल द्वारा संपत्तिकर की बकाया राशि 01 लाख 10 हजार 284 रूपये, 196 न्यू सिंधी कालोनी की परमेश्वरी बाई द्वारा बकाया कर की राशि 01 लाख 40 हजार 267 रूपये, 84 शांति नगर कालोनी के चंदर पर बकाया कर की राशि 91 हजार 539 रूपये तथा 122 शांति नगर कालोनी की मनोरमा साहू पर बकाया राशि 01 लाख 06 हजार 63 रूपये का भुगतान न करने पर उपरोक्त सभी बकायादारों की संपत्तियां कुर्क करने की कार्यवाही की।
निगम अमले ने जोन क्र. 04 के अंतर्गत ही वार्ड क्र. 20 में 12 बी सिलावटपुरा गली के इनामुल्ला, अतीकउल्ला एवं एहयाकउल्ला पर संपत्तिकर की बकाया राशि 01 लाख 16 हजार 246 रूपये तथा वार्ड 20 की 94 मारवाड़ी रोड के रहवासी रामबाई पर बकाया राशि 87 हजार 699 रूपये का भुगतान निगम कोष में न करने पर उक्त दोनों बकायादारों की संपत्तियां भी कुर्क की।
निगम द्वारा उपरोक्त कार्यवाही से पूर्व संबंधित बकायादारों को नियमानुसार देयक व नोटिस आदि जारी किये गये परंतु बकायादारों द्वारा करों का भुगतान न करने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही भोपाल उत्तर विधानसभा के राजस्व अधिकारी के नेतृत्व में जोन क्र. 04 के जोनल अधिकारी एवं संबंधित वार्ड के वार्ड प्रभारियों व अन्य अमले के साथ की।

