0 कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर पेयजल सुविधा हुई सुनिश्चित, ग्रामीणों ने जताया आभार
धमतरी, 17 जून (आरएनएस)। जिले के गंगरेल डुबान प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में ग्राम अकलाडोंगरी स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र के समीप नवीन नलकूप का सफलतापूर्वक खनन कराया गया है, जिससे क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई है।
जानकारी के अनुसार, राज्य शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत 5 जून को ग्राम कोड़ेगांव-बी में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों ने अकलाडोंगरी में प्रारंभ होने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र के पास पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी थी। ग्रामीणों की इस आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने तत्काल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद विभागीय अधिकारियों ने प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करते हुए अल्प समय में नवीन नलकूप का खनन कराया। इससे स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों, स्वास्थ्य कर्मियों तथा आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता, तत्परता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
यह पहल शासन की जनकल्याणकारी सोच, प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली और अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।
0

