0 उर्दना तिराहा के पास युवक से 7 हजार और मोबाइल लूटने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में, खरीदार पर भी कार्रवाई
रायगढ़, 17 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कोतवाली पुलिस ने मार्च माह में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में लूट को अंजाम देने वाले दो आरोपी तथा लूटा गया मोबाइल कम कीमत पर खरीदकर उपयोग करने वाला एक आरोपी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पोको मोबाइल और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं सीएसपी मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में की गई कार्रवाई के तहत पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के दौरान महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। मामले में प्रार्थी सुमित सिकदार ने 17 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 मार्च की रात उर्दना तिराहा के पास तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर मारपीट की और जेब में रखे 7 हजार नकद तथा पोको मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को लूटे गए मोबाइल के उपयोग में होने की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आदित्य चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि उसने उक्त मोबाइल आशु बरेठ से मात्र 800 में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने आशु बरेठ को गिरफ्तार किया, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने उर्दना तिराहा-रामपुर मार्ग स्थित यादव होटल के पास सुनसान स्थान पर पीडि़त को रोककर पैसे मांगे थे और विरोध करने पर मारपीट कर नगद रकम तथा मोबाइल लूट लिया था। आरोपी आशु बरेठ की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की।
इसके बाद सह आरोपी श्याम बरेठ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी आशीष महंत पहले से ही एक अन्य लूट प्रकरण में जेल में निरुद्ध है। चोरी की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद मोबाइल खरीदकर उपयोग करने के कारण आदित्य चौधरी के विरुद्ध भी अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आशु बरेठ, श्याम बरेठ और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है। लूट, चोरी और राहजनी जैसे अपराधों से अर्जित संपत्ति को खरीदने, छिपाने या उपयोग करने वालों के विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
0

