रायपुर, 17 जून (रायपुर)। छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अब लंबा और उलझन भरा होता जा रहा है। पिछले 10 दिनों से मौसम विभाग लगातार दावा कर रहा था कि प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों में मानसून प्रवेश कर सकता है, लेकिन सोमवार को जारी बुलेटिन ने सभी को चौंका दिया। विभाग ने मानसून आगमन की संभावित तारीख का उल्लेख ही हटा दिया।
रविवार के बुलेटिन में मानसून के अगले 4-5 दिनों में प्रदेश पहुंचने की संभावना जताई गई थी, लेकिन सोमवार को यह पूर्वानुमान गायब हो गया। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि मानसून की रफ्तार उम्मीद से धीमी है और मौसम विभाग भी इसके आगमन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि मानसून अभी तक बस्तर संभाग नहीं पहुंचा है। ऐसे में राजधानी रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ में इसके पहुंचने में और देरी हो सकती है।
प्री-मानसून बारिश से भ्रम, राहत नहीं
प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है, लेकिन इससे गर्मी और उमस से खास राहत नहीं मिल रही। राजधानी रायपुर में 11 जून के बाद कोई उल्लेखनीय बारिश नहीं हुई है। बीती रात कुछ इलाकों में बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा।
अगले पांच दिन अंधड़ और बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दो द्रोणिकाओं के प्रभाव से प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। अगले पांच दिनों के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मंगलवार को रायपुर में भी अंधड़ के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिलासपुर सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों की बात करें तो उत्तर छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में पारे में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। इस दौरान में प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई। तापमान के आंकड़ों के लिहाज से, बिलासपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यहां बरसे बादल
पिछले 24 घंटों में ओडग़ी में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। रामानुजनगर, प्रतापपुर और कांसाबेल में 2-2 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बलरामपुर, पाली, गिधौरी, बलौदाबाजार, प्रेमनगर, करतला में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
एसएस
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

