टेक्सास ,08 फरवरी । अमेरिका के टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद ब्रायन स्लैटन के एक बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्लैटन ने कहा कि टेक्सास का डलास शहर पाकिस्तान जैसा बनता जा रहा है। उनके इस बयान पर न केवल अमेरिकी राजनीति में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
ब्रायन स्लैटन के इस बयान को नस्लवादी और भड़काऊ करार दिया जा रहा है। आलोचकों का कहना है कि यह बयान मुस्लिम समुदाय और प्रवासियों को निशाना बनाकर दिया गया है। विवाद तब और बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर यह बात सामने आई कि सांसद की पत्नी भारतीय मूल की हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्लैटन ने कहा था कि डलास में जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहे हैं और यह शहर अपनी पहचान खोता जा रहा है। उन्होंने इस बदलाव की तुलना पाकिस्तान से कर दी, जिसे लेकर अल्पसंख्यक समुदायों और मानवाधिकार संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है।
इस बयान के बाद कई अमेरिकी नेताओं और सामाजिक संगठनों ने इसे नफरत फैलाने वाला और विभाजनकारी बताया। उनका कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां अमेरिका की विविधता और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं।
सोशल मीडिया पर भी स्लैटन के बयान को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कई यूजर्स ने सवाल उठाया है कि जब उनकी पत्नी भारतीय मूल की हैं, तो वह इस तरह का बयान कैसे दे सकते हैं। कुछ लोगों ने इसे दोहरा मापदंड बताया है।
विवाद बढऩे के बाद ब्रायन स्लैटन की ओर से सफाई देते हुए कहा गया कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है और उनका मकसद किसी समुदाय को ठेस पहुंचाना नहीं था। हालांकि उनकी सफाई से विरोध शांत होता नहीं दिख रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका में आगामी चुनावों को देखते हुए इस तरह के बयान राजनीतिक ध्रुवीकरण को और बढ़ा सकते हैं। मामले ने एक बार फिर अमेरिका में नस्ल, प्रवासन और पहचान से जुड़े मुद्दों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

