बीजापुर, 11 जून (आरएनएस)। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के अभियान के तहत बीजापुर जिले में 18 जून से 20 जून 2026 तक विशेष पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तीन दिवसीय शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए पंजीयन, त्रुटि सुधार तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक अनुविभाग स्तर पर संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो शिविरों के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मुनादी, एवं स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
विशेष पंजीकरण शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत पंजीयन एवं लाभ प्रदान करने की प्रक्रिया संचालित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी पात्रता अनुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ें। इससे जिले के हजारों पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ मिलने की संभावना है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

