धमतरी, 11 जून (आरएनएस)। एनडीपीएस एक्ट के एक आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसपी ने जांच के भी आदेश दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 45/2026 में गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। इस दौरान सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम और महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू सुरक्षा अभिरक्षा में आरोपियों को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
डॉक्टरी परीक्षण के दौरान पलाश गजभिए (32 वर्ष) निवासी कचूरवाही, थाना आरोली, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में घोर लापरवाही और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किए जाने पर चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है।
वहीं फरार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 262 के तहत एक और अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है और मामले की विभागीय जांच भी जारी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

