नईदिल्ली,08 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के तीसरे मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने यूएसए क्रिकेट टीम को 29 रन से हराते हुए टूर्नामेंट की बेहतरीन शुरुआत की। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161/9 का स्कोर बनाया, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार ने नाबाद 84 रन बनाए। जवाब में यूएसए की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 132/8 का स्कोर ही बना सकी। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
भारत ने पावरप्ले तक 46 रन तक अपने 4 विकेट गंवाए। इस बीच अभिषेक शर्मा (0), ईशान किशन (20), तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (0) आउट हुए। संकट की घड़ी में सूर्यकुमार ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में यूएसए ने सिर्फ 13 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए। निरंतर गिर रहे विकेटों के बीच शुभम रंजने (37) और संजय कृष्णमूर्ति (37) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
क्रिकबज के अनुसार, अभिषेक अब अपने टी-20 विश्व कप डेब्यू में गोल्डन डक पर आउट होने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले पूर्व तेज गेंदबाज आशीष नेहरा भी गोल्डन डक पर आउट हुए थे। कुल मिलाकर अभिषेक टी-20 विश्व कप डेब्यू में शून्य पर आउट होने वाले 5वें भारतीय हैं। उनसे पहले गौतम गंभीर, नेहरा, शार्दुल ठाकुर और दीपक हूडा भी शून्य पर आउट हो चुके हैं।
सूर्यकुमार ने 49 गेंदों में नाबाद 84 रन (चौके- 10, छक्के- 4) बनाए। बतौर कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने अपने 1,000 रन पूरे किए। वह भारत से ऐसा करने वाले तीसरे कप्तान बने। बता दें कि रोहित शर्मा ने 62 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में नेतृत्व करते हुए 149.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,905 रन बनाए थे। भारतीय दिग्गज विराट कोहली ने 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में टीम की अगुआई करते हुए 140.55 की स्ट्राइक रेट से 1,570 रन बनाए थे।
सूर्यकुमार को अपनी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टी-20 विश्व कप के इतिहास में सूर्यकुमार अब कप्तान के तौर पर डेब्यू पारी में दूसरा सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने। इस मामले में उनसे आगे क्रिस गेल (88 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2009) हैं। सूर्यकुमार बतौर भारतीय कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्री में दूसरी सर्वोच्च पारी खेलने वाले खिलाड़ी बने। इस सूची में रोहित (92 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) उनसे आगे हैं।
शाल्कविक ने 25 रन देकर 4 विकेट लिए। शाल्कविक अब टी-20 विश्व कप में किसी पूर्ण सदस्य टीम के खिलाफ एक ओवर में 3 विकेट चटकाने वाले एसोसिएट देश के दूसरे गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यूएई के कार्तिक मेयप्पन ने टी-20 विश्व कप 2022 में श्रीलंका के खिलाफ ऐसा किया था। इसी तरह शाल्कविक का यह प्रदर्शन यूएसए के लिए टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने नोश्तुश केंजीगे (3/30 बनाम पाकिस्तान, 2024) को पीछे छोड़ दिया है।
यूएसए के तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवलकर ने अपने 4 ओवर के कोटे में बिना विकेट लिए 65 रन दिए। वह टी-20 विश्व कप में एक मैच में सर्वोच्च रन लुटाने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने सनथ जयसूर्या (0/64 बनाम पाकिस्तान, 2007) का रिकॉर्ड तोड़ा।
मोहम्मद सिराज ने 29 रन देते हुए 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने अपने 4 ओवर में 18 रन देते हुए 2 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती ने अपने 4 ओवर में 24 रन दिए। इस स्पिनर को 1 सफलता मिली। भारतीय उपकप्तान अक्षर पटेल ने अपने 4 ओवर में 24 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की। हार्दिक पांड्या कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने अपने 4 ओवर में 34 रन दिए।
भारतीय टीम ने टी-20 विश्व कप में अपनी लगातार 9वीं जीत (2024-26) दर्ज की। इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत लगातार सर्वाधिक जीत हासिल करने वाला देश बना। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने 8-8 मैच जीते थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

