नईदिल्ली,08 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम को 35 रन से हराते हुए अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। ईडन गार्डन स्टेडियम में खेले गए मैच में कैरेबियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/5 का स्कोर बनाया। जवाब में स्कॉटलैंड की टीम 147 रन पर सिमट गई। वेस्टइंडीज से रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक लेते हुए 5 विकेट लिए। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाए। धीमी शुरुआत के बाद शिमरोन हेटमायर ने तेज अर्धशतक (64) लगाया। इनके अलावा रोवमन पॉवेल ने 14 गेंदों का सामना करते हुए 24 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों पर 26 रन बनाते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में स्कॉटलैंड ने 37 तक अपने 3 विकेट खो दिए। इसके बाद भी स्कॉटलैंड ने निरंतर विकेट गंवाए और टीम लक्ष्य से दूर रही।
हेटमायर ने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में वेस्टइंडीज से सबसे तेज अर्धशतक वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल का पिछ्ला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दे कि गेल ने टी-20 विश्व कप 2009 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। हेटमायर को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए स्कॉटलैंड ने जब 31 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब रिची बेरिंगटन क्रीज पर आए। उन्होंने शुरुआती झटकों के बावजूद अच्छी रन गति से बल्लेबाजी करना जारी रखा। वह 24 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने टॉम ब्रूस के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की।
वेस्टइंडीज के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने इतिहास रच दिया। वह वेस्टइंडीज की ओर से 100 टी-20 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने। विपक्षी कप्तान बेरिंगटन उनका 100वां शिकार बने। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों का शतक लगाने वाले विश्व के 35वें गेंदबाज बने। उन्होंने अपने 3.5 ओवर में 30 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
शेफर्ड ने अपने 3 ओवर में 20 रन देते हुए 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने अपनी हैट्रिक भी पूरी की। स्कॉटलैंड के नंबर-3 के बल्लेबाज ब्रैंडन मैकमुलन (14) को आउट करते हुए शेफर्ड ने अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने तीसरे और स्कॉटलैंड की पारी के 17वें ओवर में मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन के विकेट लेते हुए हैट्रिक लेने का कारनामा किया। उन्होंने उस ओवर में सफयान शरीफ का भी विकेट लिया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

