दुर्ग, 08 फरवरी (आरएनएस)। यातायात नियमों की अनदेखी कर लाल बत्ती पार करने, नशे की हालत में वाहन चलाने और फर्जी पत्रकार पहचान पत्र दिखाकर दबाव बनाने की कोशिश एक वाहन चालक को भारी पड़ गई। मामला दुर्ग शहर का है, जहां यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 3 फरवरी को नियमित पेट्रोलिंग के दौरान नेहरू नगर चौक पर तैनात यातायात टीम ने एक स्विफ्ट कार को लाल सिग्नल तोड़ते देखा। चालक वाहन में अनाधिकृत हूटर/सायरन का इस्तेमाल करते हुए सिग्नल पार करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत वाहन को रुकवाया। जांच के दौरान चालक का व्यवहार संदिग्ध लगने पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें वह शराब के नशे में पाया गया। वाहन में लगे सायरन भी नियमों के विरुद्ध पाए गए। इसी बीच चालक ने खुद को पत्रकार बताते हुए एक प्रेस कार्ड दिखाकर पुलिस कार्रवाई रोकने का प्रयास किया, लेकिन जांच में वह पहचान पत्र फर्जी निकला। पुलिस ने किसी भी दबाव को दरकिनार करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई जारी रखी। चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (नशे में वाहन चलाना), 184 (खतरनाक ड्राइविंग) और 119(3) (अनाधिकृत हूटर/सायरन उपयोग) के तहत मामला दर्ज कर चालान किया गया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं, ट्रैफिक संकेतों का पालन करें और नियमों के विरुद्ध उपकरण या फर्जी पहचान पत्र का उपयोग न करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन ही सड़क सुरक्षा की कुंजी है।
0

