कवर्धा, 08 फरवरी (आरएनएस)। कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में प्रतिबंधित नशीली सामग्री के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए कई दुकानों और ठेलों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान गोगो पेपर सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की गईं और संबंधित संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह और अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई। अभियान का नेतृत्व डीएसपी कृष्णा चंद्राकर ने किया, जबकि थाना प्रभारी योगेश कश्यप और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख बाजारों, पान ठेलों, किराना दुकानों और अस्थायी स्टॉलों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई स्थानों से प्रतिबंधित नशीली सामग्री बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। संबंधित दुकानदारों को थाने लाकर समझाइश दी गई कि भविष्य में ऐसी सामग्री की बिक्री पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
0

