रायपुर/आरंग, 08 फरवरी (आरएनएस)। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक भयावह सड़क हादसे ने खुशियों से लौट रहे परिवार को मातम में बदल दिया। धान से लदा एक बेकाबू ट्रक बाइक सवार तीन लोगों पर चढ़ गया, जिसमें एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं। घटना आरंग क्षेत्र की है।
हादसे में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं नंदकिशोर लोधी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाइक चला रहे नंदकिशोर की मां राजकुमारी लोधी गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुंतीबाई लोधी अपने रिश्तेदारों के साथ शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम के बाद वे ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उनकी मां के साथ बाइक से वापस लौट रही थीं। बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक लापरवाही और तेज गति से वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सूचना मिलते ही नवापारा–राजिम रोड पर ग्राम चरौदा के पास पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया।
जांच के दौरान पता चला कि ट्रक चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने की गंभीरता को सामने लाता है।
0

