सीहोर 8 फरवरी (आरएनएस)जिला मुख्यालय के समीपस्थ श्री कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सेवा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पंडित रामेश्वर मिश्रा प्राथमिक चिकित्सालय एवं अत्याधुनिक मीडिया सेंटर का भव्य उद्घाटन रविवार को संपन्न हुआ। अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य और मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग के मुख्य आतिथ्य में यह कार्यक्रम गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित किया गया।
अनुभवी डॉक्टर्स की टीम संभालेगी कमान:धाम पर आने वाले श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के लिए अनुभवी चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है। इस अस्पताल की मुख्य टीम में डॉ. रितेश शर्मा, डॉ. नवीन मेहर, डॉ. आरके वर्मा, डॉ. गौरव ताम्रकार, डॉ. भरत आर्य, डॉ. तापस आर्य, डॉ. गगन नामदेव एवं ब्लड बैंक से अंबर के साथ डॉ. शेरिन पी. शाजी, डॉ. अभिमन्यु सिंह, डॉ. राजू परमार एवं डॉ. धनंजय त्यागी अपनी सेवाएँ देंगे। यह पूरी टीम धाम पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को 24&7 त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
नवनिर्मित मीडिया सेंटर पत्रकारों को समाचार कवरेज के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट और आधुनिक वर्क स्टेशन की सुविधा प्रदान करेगा।
ग्रीन शिवरात्रि जागरूकता एवं पौधा वितरण:पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों को बेलपत्र के पौधे वितरित किए गए। विठ्ठलेश सेवा समिति द्वारा आगामी शिवरात्रि को ग्रीन शिवरात्रि के रूप में मनाने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
मुख्य अतिथि विश्वास सारंग ने चिकित्सालय का निरीक्षण किया और इसे धार्मिक पर्यटन व जनसेवा का एक बेहतरीन मॉडल बताया।


















