नईदिल्ली,09 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मैच का लोगों को बेसब्री से इंतजार है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई कि यह मैच खेला जाएगा या नहीं। रविवार को पाकिस्तान के लाहौर में हुई इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की बैठक से उम्मीद जगी है कि यह मैच आखिरकार हो सकता है। पीसीबी अगले 24 घंटों में यह फैसला ले सकता है कि वह भारत के खिलाफ मैच खेलेगा या उसका बहिष्कार करेगा।
पीसीबी इस मामले में अंतिम निर्णय लेने से पहले पाकिस्तान की केंद्र सरकार से सलाह करेगा। बताया जा रहा है कि बोर्ड राजनीतिक दिशा-निर्देशों और भारत-पाकिस्तान मैच से हटने के संभावित असर पर विचार कर रहा है। यह सब लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में हुई करीब 5 घंटे लंबी बैठक के बाद लिए जाएगा। इस बैठक में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी, आईसीसी के डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आईसीसी – पीसीबी की बैठक में नकवी ने आईसीसी से भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंध फिर से शुरू करने में मदद करने के लिए कहा है। उन्होंने एशिया कप में हाथ न मिलाने वाली घटना का मुद्दा भी उठाया और कहा कि खिलाडिय़ों को खेल की नैतिकता बनाए रखनी चाहिए और पारंपरिक अभिवादन का पालन करना चाहिए। उन्होंने पकिस्तान के लिए ज्यादा रेवेन्यू शेयर की मांग भी की है।
बैठक में शामिल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल ने भी आईसीसी से कुछ मांगे सामने रखी हैं। उन्होंने आईसीसी के किसी एक बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार मांगा है। सूत्र के अनुसार, बांग्लादेश ने भी आईसीसी से आर्थिक मुआवजे की मांग की है और साथ ही किसी एक वैश्विक टूर्नामेंट, संभवत: 2028 में होने वाले अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी की मांग रखी है।
००


















