नई दिल्ली 09 Feb, (rns) । सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि FASTag वार्षिक पास योजना को देशभर में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। योजना शुरू होने के महज छह महीनों के भीतर इसके उपयोगकर्ताओं की संख्या 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई है, जबकि इस अवधि में 26.55 करोड़ से अधिक लेनदेन दर्ज किए गए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को वित्तीय राहत देने के उद्देश्य से यह वार्षिक पास सुविधा 15 अगस्त, 2025 को शुरू की गई थी। यह पास राष्ट्रीय राजमार्गों और राष्ट्रीय एक्सप्रेसवे पर स्थित करीब 1,150 टोल प्लाजा पर मान्य है।
आंकड़ों के अनुसार, वार्षिक पास के उपयोग में चंडीगढ़ देश में सबसे आगे रहा है, जहां कुल लेनदेन का 14 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया। तमिलनाडु 12.3 प्रतिशत के साथ दूसरे और दिल्ली 11.5 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र स्थित बिजवासन टोल प्लाजा वार्षिक पास के उपयोग में शीर्ष पर रहा, जहां कुल वाहन क्रॉसिंग का लगभग 57 प्रतिशत इसी पास के माध्यम से हुआ।
FASTag वार्षिक पास तीन हजार रुपये की एकमुश्त राशि पर उपलब्ध है, जिसकी वैधता एक वर्ष या अधिकतम 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग तक होती है। मंत्रालय के अनुसार, यह योजना नियमित रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों के लिए समय और लागत—दोनों की बचत साबित हो रही है।

