सूरजपुर 09 Feb, (rns) । जिले के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में नहाने के दौरान दो नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है, जब दोनों बच्चे दोस्तों के साथ घूमने के लिए एनीकट पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12 वर्ष), पिता सेराज अंसारी और जयनगर कुंजननगर निवासी अयान सद्दाम (15 वर्ष), पिता मो. जावेद एनीकट में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि, देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने और सुरक्षा कारणों के चलते रविवार रात रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए तलाश अभियान में करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने दोनों नाबालिगों के शव बरामद कर लिए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में शोक का माहौल है।

